पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर आत्मघाती हमला

30 की मौत; बलूचिस्तान में मचा हड़कंप

  • बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर बड़ा हमला
  • आत्मघाती धमाके में 30 लोगों की मौत
  • 82 घायल, कई डिब्बे पटरी से उतरे

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। क्वेटा शहर के चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक हुए आत्मघाती विस्फोट की चपेट में Jaffar Express आ गई। अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार धमाके के समय जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट की ओर जा रही थी। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद रेलवे ट्रैक के पास आग लग गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की इमारतों के शीशे भी टूट गए। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

बलूचिस्तान सरकार ने जारी किया हाई अलर्ट

बलूचिस्तान सरकार के गृह मामलों के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की।

हालांकि अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे आतंकी हमला मानकर जांच कर रही हैं।

पहले भी निशाने पर रही है जाफर एक्सप्रेस

जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान रेलवे की प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में शामिल है, जो बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा को देश के अन्य बड़े शहरों से जोड़ती है।

यह ट्रेन उन संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरती है जहां Baloch Liberation Army (BLA) का प्रभाव माना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में रेलवे ट्रैक, सुरक्षा बलों और सरकारी ठिकानों पर कई बड़े हमले हो चुके हैं।

पिछले साल भी BLA ने जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक करने का दावा किया था। उस दौरान संगठन ने 214 यात्रियों को बंधक बनाने और 30 सैनिकों की हत्या करने का दावा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button