नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में इस सप्ताह गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 2,225 रुपए प्रति 10 ग्राम घटकर 1.54 लाख रुपए पर आ गई है। इससे पहले 30 मई को सोना 1.56 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
वहीं चांदी की कीमत में भी नरमी देखने को मिली है। चांदी 6,442 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती होकर 2.63 लाख रुपए से घटकर 2.57 लाख रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है।
हालांकि साप्ताहिक गिरावट के बावजूद वर्ष 2026 में सोने और चांदी ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है। इस साल अब तक सोना करीब 21 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ है। 31 दिसंबर 2025 को इसकी कीमत 1.33 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.54 लाख रुपए पर पहुंच गई है।
इसी तरह चांदी भी वर्ष 2026 में करीब 27 हजार रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। साल की शुरुआत में चांदी 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो अब 2.57 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर पर है।
इस दौरान कीमती धातुओं ने रिकॉर्ड स्तर भी छुए। 29 जनवरी 2026 को सोने ने 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी ने 3.86 लाख रुपए प्रति किलोग्राम का ऑलटाइम हाई बनाया था।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोना खरीदते समय ग्राहकों को केवल BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना ही खरीदना चाहिए। साथ ही खरीदारी से पहले विभिन्न स्रोतों से उस दिन के बाजार भाव की जांच जरूर कर लेनी चाहिए।









