अम्बेडकरनगर। भीटी थाना पुलिस ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 आम के बोट, सात महुआ के बोट और एक पिकअप वाहन बरामद किया है। मामले में यूपीपीटी एक्ट और ट्रांजिट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 15 जून की रात करीब 10:40 बजे कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कप्तान सिंह उर्फ धर्मेन्द्र सिंह निवासी अर्जुनपुर थाना अहिरौली, रामचन्द्र यादव निवासी भोजपुर थाना भीटी, धर्मेन्द्र कुमार निषाद निवासी सुबराहा परवरभारी थाना भीटी तथा मोहम्मद आमीन निवासी बैगमगंज मकबरा, थाना कैण्ट जनपद अयोध्या के रूप में हुई है।
20 आम और सात महुआ के बोट बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 आम के बोट, सात महुआ के बोट तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया। बरामद लकड़ी के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस ने इस मामले में थाना भीटी पर मु0अ0सं0 112/26 के तहत धारा 4/10 यूपीपीटी एक्ट एवं 3/28 ट्रांजिट एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।









