गुरुग्राम में डॉग ‘आलोका’ से मिलने उमड़ी भीड़

शांति यात्रा के लिए चर्चित डॉग आलोका से मिलने पहुंचे हजारों पशु प्रेमी, मेनका गांधी से भी कर चुका है मुलाकात

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में ‘आलोका’ नाम का एक डॉग आकर्षण का केंद्र बन गया। मंगलवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उससे मिलने के लिए हजारों पशु प्रेमी पहुंचे। लोगों ने आलोका के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, जबकि कुछ प्रशंसक उसके प्रति सम्मान जताते हुए हाथ जोड़कर बैठे भी नजर आए।

गुरुग्राम के द वेस्टिन होटल में आयोजित करीब एक घंटे के इस कार्यक्रम का आयोजन दिव्यम खेरा की ओर से किया गया था। आयोजकों के अनुसार, आलोका की यात्रा भारत से शुरू हुई थी और अब उसे दोबारा लोगों से मिलवाने के लिए देश लाया गया है।

बौद्ध भिक्षु पन्नकारा ने बताया कि आलोका की मुलाकात उनसे कोलकाता की गलियों में एक शांति यात्रा के दौरान हुई थी। इसके बाद वह बौद्ध भिक्षुओं के साथ कई देशों की यात्राओं में शामिल हुआ। आलोका ने अमेरिका में ‘वॉक फॉर पीस’ अभियान के तहत करीब 3700 किलोमीटर की पैदल यात्रा भी की है।

भारत आने के बाद आलोका ने दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से भी मुलाकात की। इसके अलावा वह अमेरिका, श्रीलंका और थाईलैंड समेत कई देशों में शांति यात्राओं का हिस्सा रह चुका है।

कार्यक्रम के दौरान बौद्ध भिक्षुओं ने बेसहारा जानवरों के प्रति दया और संवेदनशीलता बढ़ाने का संदेश दिया। उनका कहना था कि समाज में शांति की शुरुआत इंसानों के दिलों से होती है और पशुओं के प्रति करुणा भी उसी का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button