नई दिल्ली। इलॉन मस्क की स्पेस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी स्पेसएक्स के शेयरों में मंगलवार को 14 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। इस उछाल के साथ कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 2.85 ट्रिलियन डॉलर (करीब 240 लाख करोड़ रुपए) के पार पहुंच गया है।
तेजी के बाद स्पेसएक्स दुनिया की पांचवीं सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। कंपनी ने मार्केट वैल्यू के मामले में अमेजन को पीछे छोड़ दिया, जबकि कुछ समय के लिए माइक्रोसॉफ्ट से भी आगे निकल गई थी। हालांकि बाद में माइक्रोसॉफ्ट फिर आगे निकल गई।
स्पेसएक्स के शेयर मंगलवार को 220 डॉलर पर कारोबार कर रहे थे, जो एक दिन में 14.3 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। यह कंपनी के 135 डॉलर के आईपीओ मूल्य से 62 प्रतिशत से अधिक ऊपर है। इससे पहले सोमवार को भी कंपनी के शेयरों में 20 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल आया था।
शेयरों में आई इस बड़ी तेजी का फायदा कंपनी के संस्थापक इलॉन मस्क को भी मिला। रिपोर्ट के अनुसार, मस्क की संपत्ति में एक ही दिन में 164 अरब डॉलर (करीब 15.5 लाख करोड़ रुपए) का इजाफा हुआ। यह राशि निवेशक वॉरेन बफे की अनुमानित कुल संपत्ति से भी अधिक बताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वॉल स्ट्रीट पर लिस्टिंग के बाद निवेशकों का स्पेस और AI सेक्टर में बढ़ता भरोसा स्पेसएक्स के शेयरों में तेजी की प्रमुख वजह है। कंपनी नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स की बढ़त में भी सबसे बड़ा योगदान देने वाली कंपनियों में शामिल रही।









