150 करोड़ की प्रॉपर्टी के लिए बेटे ने पिता की हत्या

शराब के नशे में बेटे ने पिता पर बरसाईं 6 गोलियां

  • प्रॉपर्टी विवाद में हत्या
  • पिता को मारीं 6 गोलियां
  • आरोपी बेटा फरार
  • 4 पुलिस टीमें तलाश में
  • पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज

गाजियाबाद। मोदीनगर थाना क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति के विवाद में बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात आरोपी निखिल (32) शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता हरिओम चौधरी (52) ने उसे डांटा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और उसने अवैध पिस्टल से पिता के चेहरे, सीने और पेट में छह गोलियां मार दीं।

गोलियों की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल हरिओम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, हरिओम चौधरी मोदीनगर के बुदाना गांव के संपन्न किसान थे। उनके नाम करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर एक मार्केट सहित लगभग 150 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई जा रही है। आरोपी बेटा पहले से अपने नाम 25 बीघा जमीन और कुछ दुकानें होने के बावजूद बाकी संपत्ति भी अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था।

जांच में यह भी सामने आया है कि करीब आठ साल पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चला दी थी, जिसमें उसकी जान बच गई थी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।

मृतक की पत्नी मीनाक्षी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button