- सुसाइड से पहले रिकॉर्ड किया ऑडियो
- एसओ और मुंशियों पर लगाए आरोप
- तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
- विभागीय जांच के आदेश
- पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
बुलंदशहर। औरंगाबाद क्षेत्र के लखावटी पुलिस चौकी में तैनात 25 वर्षीय सिपाही सुधीर ने गुरुवार तड़के सर्विस राइफल से आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने एक ऑडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें अपनी मौत के लिए थानाध्यक्ष (एसओ) और दोनों मुंशियों को जिम्मेदार ठहराया।
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि सिपाही ने आत्महत्या की है। ऑडियो में उसने आरोप लगाया कि पेट दर्द की शिकायत के बावजूद उसकी बात नहीं सुनी गई और एसओ ने उसे प्रताड़ित कर लाइन हाजिर कर दिया था। उसने दोनों मुंशियों पर भी सहयोग न करने का आरोप लगाया।
घटना के दौरान साथी सिपाही ने सुधीर को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद साथी चौकी इंचार्ज को सूचना देने गया। इसी बीच सुधीर ने खुद को गोली मार ली। पुलिस मौके पर पहुंची तो उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की भाभी ने आरोप लगाया कि छुट्टी नहीं मिलने के कारण सुधीर मानसिक रूप से परेशान था। वहीं, इससे पहले एक साथी सिपाही ने बताया था कि जिस युवती से सुधीर प्रेम करता था, उसकी एक महीने पहले शादी हो गई थी, जिसके बाद वह तनाव में रहने लगा था।
घटना के बाद एसपी दिनेश कुमार सिंह ने एसओ राहुल चौधरी और दोनों मुंशी अंकित व सुधीर को लाइन हाजिर कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









