पति की हत्या के लिए पत्नी ने सांप का लिया सहारा, प्रेमी संग रची साजिश

दूध में नींद की गोलियां मिलाकर किया बेहोश

  • पति को पहले नींद की गोलियां दीं
  • करैत सांप से डसवाकर हत्या का आरोप
  • कॉल डिटेल से खुला राज

मेरठ। मेरठ में एक स्कूल संचालक की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और करैत सांप से डसवाकर उसकी जान ले ली। पुलिस के अनुसार वारदात को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी दामिनी ने पहले पति अतुल कुमार (32) को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। इसके बाद देर रात कथित तौर पर प्रेमी तुषार पायला और दो सपेरों को बुलाकर कमरे में करैत सांप छोड़ दिया, जिससे अतुल की मौत हो गई।

सुबह दामिनी ने शोर मचाकर परिजनों को बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है। कमरे में सांप और पैर पर डसने के निशान मिलने से शुरुआत में घटना को सामान्य सर्पदंश माना गया।

हालांकि पूछताछ के दौरान दामिनी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली तो दामिनी और वैन चालक तुषार पायला के बीच लगातार संपर्क होने की जानकारी मिली।

पुलिस के मुताबिक तुषार से पूछताछ में कथित साजिश का खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि अतुल ने 20 लाख रुपये का बीमा कराया था। आरोप है कि हत्या के बाद बीमा की राशि हासिल कर दोनों साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे। पुलिस का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के लिए दो सपेरों को कथित तौर पर 5 लाख रुपये देने की बात भी सामने आई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button