राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी 39 घंटे की रिमांड पर

  • दो आरोपी रिमांड पर
  • चोरी की रकम का होगा खुलासा
  • पुलिस करेगी गहन पूछताछ
  • प्रायश्चित अनुष्ठान जारी

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और उसके भतीजे मनीष यादव को पुलिस ने 39 घंटे की रिमांड पर लिया है। शनिवार सुबह पुलिस दोनों आरोपियों को जिला जेल से लेकर पुलिस लाइन पहुंची, जहां उनसे मामले में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि चोरी कब और कैसे की गई, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही और चोरी की रकम कहां छिपाई गई। पुलिस ने पहले फैजाबाद कोर्ट से सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने 39 घंटे की रिमांड मंजूर की।

जांच में सामने आया है कि टिन्नू मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का करीबी माना जाता था और दानपात्रों की देखरेख करता था। वहीं मनीष चढ़ावे की गिनती के कार्य से जुड़ा था। पुलिस इससे पहले टिन्नू के घर से एक लाख रुपये और मनीष के घर से दो लाख रुपये बरामद कर चुकी है। मामले में छह अन्य आरोपियों से भी पहले रिमांड के दौरान पूछताछ की जा चुकी है।

उधर, गोरक्षा यात्रा पर अयोध्या पहुंचे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के साथ संतों से मुलाकात करेंगे। वहीं चढ़ावा चोरी की घटना के बाद मंदिर ट्रस्ट द्वारा शुरू किए गए 10 दिवसीय प्रायश्चित अनुष्ठान का शनिवार को दूसरा दिन रहा, जिसमें वेद मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक और हवन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button