कानपुर में फर्नीचर शोरूम में भीषण आग

गोविंदनगर के तीन मंजिला शोरूम में लगी आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

  • कानपुर के गोविंदनगर में तीन मंजिला शोरूम में भीषण आग
  • दमकल की 8 से अधिक गाड़ियों ने 4 घंटे में आग पर काबू पाया
  • शुरुआती सूचना में 6 लोगों के फंसे होने की आशंका थी
  • करीब 2 करोड़ रुपये का फर्नीचर जलकर राख

कानपुर। कानपुर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे तीन मंजिला फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। शुरुआती सूचना में छह लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ से अधिक गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए गोविंदनगर के पुराने पुल पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

फर्नीचर कारोबारी गौरव भसीन ने बताया कि शोरूम में रखा करीब दो करोड़ रुपये का फर्नीचर जलकर राख हो गया। उनके अनुसार, आग की शुरुआत शोरूम के बाहर बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। आग ने इमारत की तीनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) दीपक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फजलगंज और किदवई नगर समेत कई फायर स्टेशन से दमकल वाहन और विशेष वाटर टेंडर भेजे गए। तीन तरफ से घेराबंदी कर आग बुझाने का अभियान चलाया गया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button