अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट में सोमवार 10 अगस्त को होने वाली सुनवाई टल गई। अब मामले की सुनवाई अगले हफ्ते होगी। विशेष जांच टीम (SIT) अपनी जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी अगले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट के सामने पेश करेगी। कोर्ट रिपोर्ट के आधार पर जांच की प्रगति की समीक्षा करेगा।
जांच में कमी मिली तो SC दे सकता है नए निर्देश
सुप्रीम कोर्ट यह देखेगा कि SIT की जांच किस दिशा में आगे बढ़ी है। यदि जांच में कोई कमी या अतिरिक्त दिशा-निर्देश की जरूरत सामने आती है तो कोर्ट आगे के आदेश जारी कर सकता है।
वहीं, अयोध्या कोर्ट में सोमवार को मामले की सुनवाई होनी है। जेल में बंद 8 आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी कराई जाएगी।
27 जुलाई को हुई थी पिछली सुनवाई
इससे पहले 27 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई थी। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया था कि नई SIT गठित की गई है। IG किरण एस को टीम की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में एक DIG, SSP और ASP भी शामिल हैं।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने पूछा था कि क्या चोरी की जांच कर रही नई SIT को मामले से जुड़े सभी रिकॉर्ड और चीजों तक पहुंच मिलेगी। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने हामी भरी थी।









