वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे में मंगलवार दोपहर अचानक खराबी आने से विमानों का संचालन प्रभावित हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रबंधन ने दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक रनवे पर विमानों की आवाजाही रोक दी। इस दौरान रनवे की तत्काल मरम्मत शुरू कराई गई।
रनवे बंद होने के कारण वाराणसी आने वाली तीन फ्लाइट को दूसरे एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा, जबकि तीन अन्य उड़ानों को उनके मूल एयरपोर्ट पर ही होल्ड करा दिया गया।
दिल्ली से आई इंडिगो फ्लाइट अयोध्या डायवर्ट
रनवे में खराबी की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर विमानों का संचालन अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया।
इसी दौरान दिल्ली से वाराणसी पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 5025 को अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया। बताया गया कि विमान वाराणसी के आसमान में पहुंच चुका था और कुछ देर तक चक्कर लगाने के बाद उसे अयोध्या भेजा गया।
अहमदाबाद और नवी मुंबई की उड़ानें लखनऊ भेजीं
अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6805 को लखनऊ डायवर्ट किया गया। वहीं नवी मुंबई से वाराणसी आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2442 को भी लखनऊ भेज दिया गया।
इसके अलावा अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी आने वाली तीन उड़ानों को वहीं होल्ड करा दिया गया, जहां से उन्होंने उड़ान भरी थी।
यात्रियों को हुई परेशानी
फ्लाइट डायवर्ट होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को रिसीव करने पहुंचे लोग भी उड़ानों की स्थिति को लेकर परेशान रहे।
कई यात्री एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर फ्लाइट की जानकारी लेते नजर आए। वहीं कुछ लोग फोन पर एयरपोर्ट अधिकारियों और अपने परिजनों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी लेते रहे।
दो घंटे में मरम्मत पूरी होने की उम्मीद
एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे में खराबी सामने आने के बाद तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर 1 से 3 बजे तक विमानों का आवागमन बंद किया गया है।
उन्होंने बताया कि मरम्मत का काम करीब दो घंटे में पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद रनवे की स्थिति सामान्य होने पर उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।









