मेरठ। मेरठ में ब्लिंकिट ऑर्डर पहुंचाने में करीब पांच मिनट की देरी एक डिलीवरी बॉय को भारी पड़ गई। आरोप है कि यूको बैंक के मैनेजर ने गुस्से में डिलीवरी बॉय को गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पीट दिया। घटना गंगा सागर इलाके की गंगा हाइट्स सोसाइटी की बताई जा रही है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी बैंक मैनेजर यमन कंसल (34) को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
दरवाजा खुलते ही डिलीवरी बॉय से विवाद
घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की है। डिलीवरी बॉय अमित यादव ऑर्डर लेकर गंगा हाइट्स के फ्लैट नंबर 110 पर पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में वह फ्लैट की घंटी बजाते दिखाई देता है।
दरवाजा खुलने के बाद मैनेजर यमन कंसल उससे बहस करने लगा। आरोप है कि उसने डिलीवरी में देरी को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की।
पत्नी के आने के बाद घर के अंदर ले जाने का आरोप
सीसीटीवी में मैनेजर की पत्नी भी बाहर आती दिखाई देती है। बताया जा रहा है कि उसने यमन को कैमरे की जानकारी दी। इसके बाद आरोप है कि मैनेजर डिलीवरी बॉय को घर के अंदर ले गया।
डिलीवरी बॉय के मुताबिक, घर के अंदर भी उसके साथ लगातार मारपीट की गई। करीब छह मिनट बाद वह रोते हुए बाहर निकला, जबकि मैनेजर डिलीवरी का पैकेट लेकर अंदर चला गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR
पीड़ित डिलीवरी बॉय किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस स्टेशन पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद शनिवार देर रात पुलिस ने यमन कंसल को गिरफ्तार कर लिया।
सोसाइटी के लोगों में नाराजगी
घटना के बाद गंगा हाइट्स सोसाइटी के लोगों में भी नाराजगी है। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि घटना से पूरी सोसाइटी की छवि खराब हुई है। लोगों ने आरोपी को सोसाइटी में नहीं रहने देने की बात कही है।









