इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में मां-बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भरथना थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव में सोमवार सुबह दोनों के शव घर के अंदर मिले। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह करीब 8 बजे दूध देने वाला घर पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला।
घर के अंदर मिले दोनों के शव
दूध वाले ने महिला के नोएडा में काम करने वाले पति को फोन कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद घर के पिछले हिस्से से अंदर झांकने पर आंगन में पुष्पा देवी यादव (55) का शव फर्श पर पड़ा दिखाई दिया।
वहीं, करीब 10 मीटर दूर कमरे में उनकी बेटी निर्मला देवी उर्फ मंजू देवी (38) का शव चारपाई पर मिला। चारपाई पर खून से सनी दराती भी पड़ी थी।
कमरे से आंगन तक फैले खून के निशान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, निर्मला के शव को कमरे से घसीटकर आंगन तक लाया गया था। कमरे से आंगन तक खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पांच साल से ससुराल से चल रहा था विवाद
निर्मला देवी का अपने ससुराल वालों से करीब पांच साल से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शादी के करीब चार महीने बाद ही पति और देवरों ने कथित तौर पर मारपीट कर उन्हें मायके भेज दिया था। इसके बाद वह अपनी मां के साथ ही रह रही थीं।
निर्मला और उनके पति के बीच तलाक का मामला भी चल रहा था। 3 अगस्त 2026 को अदालत ने पति को हर महीने 7 हजार रुपये भरण-पोषण देने का आदेश दिया था।
पड़ोसियों ने युवक को स्कूटी से आते देखा
पड़ोसियों के मुताबिक, 14 और 15 अगस्त को एक युवक को स्कूटी से घर के आसपास आते-जाते देखा गया था। 15 अगस्त के बाद से घर में किसी तरह की हलचल नहीं दिखाई दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बेटी के ससुराल पक्ष पर संदेह जताया है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी पक्ष को आरोपी नहीं ठहराया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।









