सोने की कीमतों में 24 अगस्त को बढ़त देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,983 रुपए बढ़कर 1.63 लाख रुपए हो गया है।
वहीं, चांदी की कीमत में मामूली गिरावट दर्ज की गई। एक किलो चांदी का भाव 297 रुपए कम होकर 2.46 लाख रुपए पर आ गया है।
अगस्त में सोना 20 हजार महंगा
अगस्त में अब तक सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी देखने को मिली है। 24 दिनों में सोना करीब 20 हजार रुपए और चांदी करीब 28 हजार रुपए महंगी हो चुकी है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर तेजी का मौजूदा रुख जारी रहा तो साल के अंत तक सोने की कीमत 1.70 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।
2026 में सोना 30 हजार रुपए चढ़ा
इस साल सोने की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव 1.33 लाख रुपए था, जो अब बढ़कर 1.63 लाख रुपए हो गया है। यानी 2026 में अब तक सोना करीब 30 हजार रुपए महंगा हो चुका है।
वहीं, 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी 2.30 लाख रुपए की थी, जो अब 2.46 लाख रुपए पर पहुंच गई है।
जनवरी में बना था ऑलटाइम हाई
इस साल सोने और चांदी दोनों ने जनवरी में रिकॉर्ड स्तर छुआ था। 29 जनवरी को सोने की कीमत 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के ऑलटाइम हाई पर पहुंची थी।









