यूपी में ईद मिलादुन्नबी पर निकले जुलूस, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

लखनऊ में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, वाराणसी में 5 किमी लंबा जुलूस; ड्रोन-CCTV से निगरानी

लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर। उत्तर प्रदेश में बुधवार सुबह से ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, मुरादाबाद समेत कई शहरों में जुलूस निकाले जा रहे हैं। जुलूस में लोग हाथों में तिरंगा और धार्मिक झंडे लेकर शामिल हुए। कई जगहों पर नात भी बजाई जा रही हैं।

लखनऊ में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब

लखनऊ में बारावफात के जुलूस के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली। हिंदू समाज की ओर से पंडित कृष्ण चंद्र शुक्ल ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। उन्होंने मौलाना महमूदुल हसन समेत कई मुस्लिम धर्मगुरुओं को माला पहनाई और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं। पंडित कृष्ण चंद्र शुक्ल ने बताया कि यहां करीब 20 वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है और सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं।

वाराणसी में 5 किमी लंबा जुलूस

वाराणसी में मदहे सहाबा का बड़ा जुलूस निकाला जा रहा है। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस जुलूस में प्रशासन और कमेटी के बीच सहमति के बाद पहले तय 1,500 वाहनों की जगह केवल 100 गाड़ियों को शामिल किया गया है। जुलूस में 2 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी जुलूस देखने पहुंचे।

बुलंदशहर में दिखे करतब

बुलंदशहर में जुलूस के दौरान कलाकारों ने लट्ठबाजी और तलवारबाजी के करतब दिखाए। कुछ कलाकारों ने ब्लेड से बने घूमर को घुमाकर प्रदर्शन किया। वहीं एक कलाकार ने आंख पर लोहे की रॉड टिकाकर रोमांचक करतब दिखाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button