कानपुर में ट्रेनिंग विमान क्रैश, पायलट और ट्रेनी की मौत

गंगा बैराज के पास करीब 100 फीट की ऊंचाई पर डगमगाया विमान, पेड़ों से टकराकर नीचे गिरा

कानपुर। गुरुवार सुबह करीब 11:50 बजे गंगा बैराज के पास एक ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया। हादसे में विमान उड़ा रहे पायलट और ट्रेनी की मौत हो गई। बताया गया कि विमान करीब 100 फीट की ऊंचाई पर था, तभी अचानक डगमगाने लगा। संतुलन बिगड़ने के बाद विमान पेड़ों से टकराता हुआ नीचे जा गिरा और तेज धमाका हुआ।

दोनों को अस्पताल ले जाया गया

हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 12:15 बजे पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की।

पुलिस ने घायल अवस्था में पायलट सचिन भाटिया निवासी गुजरात और ट्रेनी अभिषेक पुजारी निवासी कर्नाटक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मलबे में तब्दील हुआ विमान

हादसे से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें विमान के ऊंचाई से गिरने के बाद मलबे में तब्दील होने का दृश्य दिखाई दे रहा है। कॉकपिट के पास एक पायलट फंसा हुआ नजर आया, जबकि दूसरा विमान से कुछ दूरी पर गंभीर हालत में पड़ा था। विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर पड़ी मिली।

DGCA ने शुरू की जांच की प्रक्रिया

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, टेक्नम कंपनी के चार सीट वाले विमान ने चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से सुबह 11:30 बजे उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद 39 किलोमीटर दूर नत्थापुरवा गांव में विमान क्रैश हो गया।

उन्होंने बताया कि पायलट के पास करीब 3,000 घंटे उड़ान का अनुभव था। हादसे की जानकारी DGCA को दे दी गई है। अब DGCA की टीम विमान दुर्घटना के कारणों की जांच करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button