मुरादाबाद में 10 साल बाद मिला स्वाइन फ्लू का मरीज

महिला डॉक्टर H1N1 पॉजिटिव; 12 बेड रिजर्व

  • मुरादाबाद में करीब 10 साल बाद स्वाइन फ्लू का मामला सामने आया
  • गाजियाबाद से मायके आई 30 वर्षीय महिला डॉक्टर H1N1 पॉजिटिव मिलीं
  • डॉक्टर को निजी अस्पताल में आइसोलेट किया गया

मुरादाबाद। जिले में करीब 10 साल बाद स्वाइन फ्लू (H1N1) का मामला सामने आया है। गाजियाबाद से मुरादाबाद स्थित अपने मायके आई 30 वर्षीय महिला चिकित्सक की जांच रिपोर्ट स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। डॉक्टर को शहर के एक निजी अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के सदस्यों की भी जांच कराई है।

तेज बुखार और खांसी के बाद कराई जांच

डॉ. पूजा शर्मा गाजियाबाद में रहती हैं। करीब दो दिन पहले वह मुरादाबाद के जिगर कॉलोनी स्थित अपने मायके में परिजनों से मिलने आई थीं। इसी दौरान उन्हें तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सिर और शरीर में दर्द की शिकायत हुई।

लक्षण सामने आने के बाद उन्होंने जरूरी जांच कराई। जांच रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर को एक अलग कमरे में आइसोलेट कर उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।

परिवार की भी हुई जांच, रैपिड रिस्पॉन्स टीम सक्रिय

मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई। टीम ने संक्रमित डॉक्टर के परिवार से संपर्क कर उनकी काउंसलिंग की और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। परिवार के सदस्यों की भी जांच कराई गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

जिला अस्पताल में 12 बेड रिजर्व

स्वाइन फ्लू के मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में 12 बेड आरक्षित कर दिए हैं। अधिकारियों की ओर से मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

करीब एक दशक बाद जिले में H1N1 का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग निगरानी बढ़ा रहा है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button