सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। बल्दीराय थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी बस में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पेशाब के लिए ड्राइवर ने किनारे खड़ी की थी बस
बताया गया कि हादसा गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस गुड़गांव से गोरखपुर होते हुए बिहार जा रही थी। बस में करीब 80 यात्री सवार थे, जो रक्षाबंधन मनाने अपने-अपने घर जा रहे थे।
यात्रियों के मुताबिक, ड्राइवर को पेशाब लगी थी। उसने एक्सप्रेस-वे पर बस को थोड़ा किनारे किया और नीचे उतरकर चला गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से बस का पिछला हिस्सा 4-5 फीट तक पिचका
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा करीब चार से पांच फीट तक पिचक गया। हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक हुई टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई। पीछे की तीन-चार सीटों पर बैठे यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए और कई लोग खून से लथपथ हो गए।
सीटों के बीच फंसे यात्रियों को पुलिस ने निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बस के अंदर सीटों के बीच फंसे यात्रियों को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।









