भाई को राखी बांधकर लौट रहे दंपती की हादसे में मौत, 2 बच्चे घायल

अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

झांसी। ललितपुर जिले के तालबेहट थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधकर लौट रही महिला और उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनके दो बच्चे भी घायल हो गए। परिवार के चारों सदस्य एक ही बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

मेडिकल कॉलेज किया गया था रेफर

हादसे के बाद दंपती की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं दोनों बच्चों का भी इलाज कराया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात पति की मौत हो गई, जबकि शनिवार शाम करीब 4 बजे पत्नी ने भी दम तोड़ दिया।

बच्ची मां को बुलाकर रोती रही

हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करीब 3 साल की घायल बच्ची सड़क किनारे अपनी मां को देखकर रोते हुए उसे बुलाती नजर आ रही है। वीडियो में महिला और उसका पति बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोग बच्ची को चुप कराने और संभालने की कोशिश करते नजर आए।

राखी के बाद लौटते समय हुआ हादसा

बताया गया कि महिला अपने भाई को राखी बांधने के बाद पति और दोनों बच्चों के साथ बाइक से वापस लौट रही थी। इसी दौरान तालबेहट क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से परिवार हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button