बुलंदशहर। बुलंदशहर के शिकारपुर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा का बुधवार दोपहर निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में करीब 12 बजे अंतिम सांस ली। वह 63 वर्ष के थे और वर्ष 2023 से कैंसर से जूझ रहे थे।
CM योगी ने बेटे से फोन पर बात की
विधायक के निधन की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके बेटे कुश शर्मा से फोन पर बातचीत की। CM ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। उन्होंने परिवार से हिम्मत बनाए रखने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने अंतिम संस्कार के बारे में भी जानकारी ली। कुश शर्मा ने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है, इसलिए अंतिम संस्कार अगले दिन किया जाएगा।
प्रधानी से शुरू किया था राजनीतिक सफर
अनिल शर्मा बुलंदशहर के सुरजावली गांव के रहने वाले थे। उनकी राजनीतिक यात्रा गांव की प्रधानी से शुरू हुई। वह निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव की राजनीति में कदम रखा।
बसपा से दो बार विधायक बने
अनिल शर्मा ने 2002 में पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद 2007 में भी उन्होंने इसी सीट से बसपा के टिकट पर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
2012 में उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।
योगी सरकार में बने वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री
भाजपा में शामिल होने के बाद अनिल शर्मा ने 2017 में शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीता। योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार में उन्हें वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्ष 2022 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर शिकारपुर सीट से दोबारा जीत दर्ज की।









