दहेज में स्कॉर्पियो नहीं मिली तो विवाहिता को छत से धकेलने का आरोप

इलाज के दौरान मौत

  • लव मैरिज के करीब छह महीने बाद आकृति सिंह की अस्पताल में मौत
  • भाई का आरोप- पति और ससुराल वालों ने दहेज में 30 लाख रुपये और स्कॉर्पियो मांगी थी
  • मौत के बाद पति, सास-ससुर और दोनों ननद फरार, पांचों के खिलाफ FIR

गाजियाबाद। गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में लव मैरिज के करीब छह महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान आकृति सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल में चार दिन तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। महिला के भाई ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दूसरी मंजिल से धक्का देने का आरोप लगाया है।

मामले में पुलिस ने पति गौरव, उसकी मां, पिता और दोनों बहनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही सभी आरोपी घर से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

रात में छत से गिरती दिखी महिला

शनिवार दोपहर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया। वीडियो में रात के समय महिला अचानक मकान की छत से नीचे गिरती दिखाई दे रही है। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचते हैं और महिला को अस्पताल ले जाते नजर आ रहे हैं।

पुलिस वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। महिला किन परिस्थितियों में छत से गिरी, इसे लेकर पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

शादी से पहले दहेज की मांग का आरोप

भंगेल निवासी मृतका के भाई प्रभात ने आरोप लगाया कि 20 फरवरी को उनकी बहन की शादी गौरव से तय हुई थी। उस समय गौरव की ओर से दहेज में 30 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो की मांग की गई थी।

परिवार का कहना था कि इतनी बड़ी रकम और कार देने की उनकी आर्थिक स्थिति नहीं थी। इसलिए उन्होंने दहेज की मांग पूरी करने से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर मुरादनगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button