
आगरा। आगरा के सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के बीच अचानक नाले की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में काम कर रहे तीन मजदूर दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
साथी मजदूरों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसा होते ही मौके पर मौजूद साथी मजदूरों ने मलबा हटाकर राहत-बचाव शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। पुलिस और मजदूरों की मदद से मलबे में दबे तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया।
अस्पताल में दो मजदूरों ने दम तोड़ा
मलबे से बाहर निकालने के बाद तीनों मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे मजदूर का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मजदूरों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की भी जांच
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नाले की दीवार अचानक किस वजह से गिरी। इसके साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और मजदूरों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की भी जांच की जा रही है।









