वाराणसी में ओवरब्रिज पर सेल्फी ले रहे 4 दोस्तों की मौत, 4 गंभीर

विंध्याचल से लौटते समय हाईवे पर रोकी थी स्कॉर्पियो, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर; हादसे से पहले की तस्वीर आई सामने

वाराणसी। वाराणसी में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे (NH-19) पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी दोस्त विंध्याचल में दर्शन करने के बाद काशी लौट रहे थे। रास्ते में मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो रोक दी और बाहर निकलकर तस्वीरें लेने लगे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई।

टक्कर इतनी तेज कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब छह बजे हुआ। दोस्तों ने ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो खड़ी की और उसके पास खड़े होकर सेल्फी और तस्वीरें लेने लगे। तभी पीछे से आए ट्रक ने खड़ी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उछलकर दूर जा गिरे।

बताया गया कि तीन दोस्तों के शव ओवरब्रिज पर मिले, जबकि एक का शव करीब 30 फीट नीचे पड़ा था। घायलों में से एक दोस्त भी ओवरब्रिज के नीचे गंभीर हालत में मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे से कुछ मिनट पहले खिंचवाई थी तस्वीर

हादसे से कुछ मिनट पहले की एक तस्वीर भी सामने आई है। इसमें सभी दोस्त अपनी स्कॉर्पियो (UP 65 EB 2199) के सामने खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह उनकी आखिरी तस्वीर थी। इसके कुछ ही मिनट बाद ट्रक की टक्कर से यह हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button