
- इलाज के बहाने अपहरण और हमला
- रस्सी से बांधकर आरोपी फरार
- फर्जी केस में फंसाने की साजिश
- पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
मुंगेर। मुंगेर जिले में एक बार फिर जमीन विवाद को लेकर हिंसा की घटना सामने आई है। पूरब सराय निवासी 50 वर्षीय ग्रामीण चिकित्सक शंकर प्रसाद के अपहरण और मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल, पीड़ित का इलाज मुंगेर सदर अस्पताल में जारी है।
पहले जमीन सौदा, फिर धोखाधड़ी और मारपीट
घटना 1 अप्रैल की शाम की है, जब दो युवक मरीज के इलाज का बहाना बनाकर चिकित्सक को संदलपुर स्थित क्लिनिक से जमालपुर ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की गई। बताया जा रहा है कि यह विवाद 2023 में हुए एक जमीन सौदे से जुड़ा है। नौवागढ़ी भगत सिंह चौक निवासी विकास कुमार ने चिकित्सक को जमीन दिखाकर 5 लाख रुपये अग्रिम भुगतान लिया था, लेकिन बाद में जमीन देने से इनकार कर दिया। पैसे लौटाने की बजाय, उसने एक चेक दिया, जो बाउंस हो गया।
पुलिस केस के बाद बढ़ा विवाद
जब चिकित्सक ने पैसे वापस पाने के लिए पूरब सराय थाना में मामला दर्ज कराया, तो उन्हें धमकियां मिलने लगीं। इसी कड़ी में उन्हें बहाने से बुलाकर बुरी तरह पीटा गया। मारपीट के बाद आरोपी उन्हें रस्सी से बांधकर भाग गए। किसी तरह पीड़ित ने खुद को छुड़ाया और पड़ोस के छात्रों की मदद से बाहर निकले।
फर्जी केस में फंसाने की कोशिश का आरोप
चिकित्सक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कुमार ने उनकी स्कूटी लेकर उसमें अवैध हथियार रख दिए और पुलिस को सूचना देकर उन्हें फंसाने की साजिश रची।
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़ित ने इस घटना की शिकायत पुलिस से की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।






