गर्मी का कहर बढ़ा, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए बचाव के निर्देश

  • गर्मी से जूझते लोगों के लिए जिला प्रशासन की पहल
  • सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलेगा मुफ्त ओआरएस
  • बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगा विशेष लाभ

अम्बेडकरनगर।  गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर एक बड़ी राहत की घोषणा की है। अब जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में इलाज से पहले मरीज़ों को ओआरएस घोल (ORS) दिया जाएगा, ताकि शरीर में पानी और जरूरी लवणों की कमी को तुरंत पूरा किया जा सके।

सीएमओ डॉ. सालिकराम पासवान ने बताया कि यह फैसला खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और गर्मी से अधिक प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी अस्पताल अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पहुंचते ही मरीजों को ओआरएस उपलब्ध कराया जाए।

अस्पतालों में गर्मी से राहत के लिए विशेष इंतज़ाम

स्वास्थ्य विभाग ने सिर्फ दवाइयों की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में पंखों की कार्यशीलता, साफ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता को भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। सभी अस्पतालों में ओआरएस वितरण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि जरूरतमंदों को समय पर राहत मिल सके।

बच्चों को प्राथमिकता

डॉ. पासवान ने कहा कि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है और वे लू के शिकार जल्दी हो जाते हैं। इसलिए अस्पतालों में आने वाले सभी बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर ओआरएस पिलाया जाएगा ताकि वे सुरक्षित रहें।

जनता से अपील: दोपहर में बाहर निकलने से बचें

स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे दोपहर के समय बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी और सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें और खुद को हाइड्रेट रखने के लिए पानी, नींबू पानी और ओआरएस का नियमित सेवन करें।

Back to top button