-
गलत दिशा से आ रही कार को बचाने में बस हुई बेकाबू
-
बस दुकान और बिजली के पोल से टकराई
-
एक दर्जन से अधिक यात्री घायल, कई की हालत गंभीर
लखनऊ। लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी। हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना मोहनलालगंज क्षेत्र में स्थित गोपालखेड़ा कट के पास हुई, जब लखनऊ से उन्नाव की ओर जा रही एक प्राइवेट बस सामने से आ रही एक गलत दिशा की कार को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठी। बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराते हुए एक बंद दुकान में जा घुसी। हादसे के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई।
बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर घायलों को मोहनलाल सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और बस को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य किया गया।








