गवाही के बाद फौजी की गोली मारकर हत्या- गांव में तनाव

  • सिर और सीने पर लगी थीं गोलियां, खून से लथपथ पड़ा था शव

  • दो दिन पहले चचेरे भाई की हत्या के मामले में कोर्ट में दी थी गवाही

  • मुख्य गवाह था फौजी, आरोपी ने गवाही न देने के लिए दी थी धमकी

सहारनपुर। सहारनपुर के मुंडीखेड़ी गांव में एक सनसनीखेज वारदात में 25 वर्षीय सेना के जवान विक्रांत गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। विक्रांत जम्मू में तैनात थे और कुछ दिन पहले ही कोर्ट में गवाही देने के लिए छुट्टी पर गांव आए थे। घटना के दो दिन पहले उन्होंने अपने चचेरे भाई रजत हत्याकांड में अंतिम गवाही दी थी। गुरुवार सुबह घर से महज 300 मीटर की दूरी पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला।

शव को देखने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। विक्रांत के छोटे भाई हर्ष ने बताया कि बुधवार रात वह खाना खाकर टहलने निकले थे, लेकिन देर रात तक नहीं लौटे। जब कॉल किया गया तो फोन स्विच ऑफ मिला। सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे लाश देखी तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

गवाही से पहले मिली थी धमकी, आरोपी ने ऑफर किए थे 4 लाख
परिजनों ने बताया कि विक्रांत को रजत मर्डर केस के मुख्य आरोपी देवेंद्र की ओर से गवाही न देने के लिए धमकियां मिल रही थीं। आरोपी ने उन्हें चार लाख रुपये देने की पेशकश भी की थी, लेकिन विक्रांत नहीं माने। मां का कहना है कि बेटे ने सच का साथ दिया, इसलिए जान चली गई।

Back to top button