- मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा से NIA कर रही है सघन पूछताछ, लेकिन जांच में नहीं दे रहा पूरा सहयोग।
- अमेरिका से प्रत्यर्पित आतंकी तहव्वुर राणा को कोर्ट ने 18 दिन की NIA हिरासत में भेजा, जांच एजेंसियां कर रहीं हैं गहन पड़ताल।
- राणा से पूछताछ में जुटी NIA, कोर्ट से मिली लंबी हिरासत
नई दिल्ली। 2008 मुंबई हमले के साजिशकर्ता तहव्वुर राणा से NIA ने शुक्रवार को तीन घंटे पूछताछ की, लेकिन एजेंसी का कहना है कि वह सहयोग नहीं कर रहा। कोर्ट ने राणा को 18 दिन की कस्टडी में भेजा है। राणा की निगरानी 24 घंटे रहेगी और हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में गुरुवार रात बंद कमरे में सुनवाई हुई और NIA को कस्टडी दी गई। राणा को अमेरिका से स्पेशल फ्लाइट से लाकर दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतारा गया, जहां मेडिकल जांच के बाद उसे NIA मुख्यालय ले जाया गया। उसे तिहाड़ जेल के हाई-सिक्योरिटी वार्ड में रखा जाएगा।
NIA राणा से पूछताछ की केस डायरी तैयार करेगी। जांच एजेंसी के अनुसार, हेडली के साथ राणा की बातचीत, ईमेल और ऑपरेशन में भूमिका की पड़ताल जरूरी है। अमेरिका ने प्रत्यर्पण को वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ सहयोग का प्रतीक बताया है।
मुंबई हमले की पृष्ठभूमि: 26/11 को हुए इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी। तहव्वुर राणा को पहले ही अमेरिका में सजा हो चुकी है और अब भारत में मुकदमा चलेगा।








