
- हरियाणा को मिली उड़ान की रफ्तार, पीएम ने हिसार एयरपोर्ट का किया उद्घाटन
- यमुनानगर में ऊर्जा प्रोजेक्ट्स की सौगात, विकास योजनाओं की झड़ी
- मोदी का कटाक्ष: कांग्रेस ने संविधान की भावना को कुचलने का काम किया
हिसार/यमुनानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (14 अप्रैल) हरियाणा के दौरे पर रहे। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने हिसार से की, जहां राज्य के पहले घरेलू एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर उन्होंने हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी ने कहा कि अब श्रीकृष्ण की भूमि हरियाणा सीधे श्रीराम की नगरी अयोध्या से जुड़ गई है।
इसके बाद प्रधानमंत्री यमुनानगर पहुंचे, जहां उन्होंने 800 मेगावाट की थर्मल पावर यूनिट, एक कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का शिलान्यास और रेवाड़ी बाइपास का उद्घाटन किया।
“हवाई चप्पल पहनने वाला भी जहाज में उड़ेगा”
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जबकि आज यह संख्या 150 से ज्यादा हो चुकी है। उन्होंने कहा, “हमने वहां भी एयरपोर्ट बनाए, जहां पहले अच्छे रेलवे स्टेशन तक नहीं थे। मेरा सपना था कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में सफर करे और 10 सालों में करोड़ों लोगों ने यह अनुभव किया।”
कांग्रेस पर तीखा हमला
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने वक्फ कानून को लेकर कहा कि 2013 में कांग्रेस ने सिर्फ वोटबैंक के लिए इस कानून में बदलाव किए और संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस को मुसलमानों की इतनी ही चिंता है तो किसी मुस्लिम को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष क्यों नहीं बनाती? कांग्रेस सिर्फ देश के नागरिकों के अधिकार छीनना चाहती है।”
यूनिफॉर्म सिविल कोड का समर्थन
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) का लगातार विरोध किया है, जबकि यह संविधान की आत्मा है। उन्होंने उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बीजेपी सरकार ने साहसिक कदम उठाकर इसे लागू किया है।
कर्नाटक, हिमाचल और तेलंगाना सरकारों पर निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस शासित राज्यों की हालत पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “हिमाचल में काम ठप पड़े हैं, कर्नाटक में महंगाई और टैक्स से जनता त्रस्त है। सोशल मीडिया पर भी कांग्रेस सरकार की आलोचना हो रही है। तेलंगाना में जंगलों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं।”
बिजली उत्पादन में हुआ बड़ा बदलाव
मोदी ने 2014 से पहले की स्थिति याद दिलाते हुए कहा, “कांग्रेस के समय में देश में बार-बार ब्लैकआउट होते थे। आज भारत न सिर्फ अपनी जरूरत की पूर्ति कर रहा है, बल्कि पड़ोसी देशों को बिजली का निर्यात भी कर रहा है।”
जलियांवाला बाग हत्याकांड और शंकरन नायर का जिक्र
प्रधानमंत्री ने बैसाखी के दिन हुए जलियांवाला बाग नरसंहार को याद करते हुए शंकरन नायर का नाम लिया। उन्होंने कहा, “नायर उस समय अंग्रेजी सरकार में बड़े पद पर थे, लेकिन उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के विरोध में पद छोड़ दिया और अंग्रेजों को कोर्ट में खड़ा कर दिया।”








