- चार दिन में दूसरी चोरी की घटना, यात्रियों में बढ़ी चिंता
- थाईलैंड से लौटी महिला डॉक्टर का पार्किंग एरिया में मोबाइल चोरी
- डॉ. पियूषा वाधवानी ने दर्ज कराई एफआईआर, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर लगातार हो रही चोरी की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। बीते चार दिनों के भीतर दूसरी बार एक महिला यात्री चोरी का शिकार बनी है। हालिया मामले में थाईलैंड से लौटी एक डॉक्टर का महंगा मोबाइल फोन एयरपोर्ट परिसर में चोरी हो गया।
थाईलैंड से लौटने के बाद डॉक्टर पियूषा वाधवानी राजानी जैसे ही लखनऊ एयरपोर्ट के पार्किंग क्षेत्र में पहुँचीं, उन्हें पता चला कि उनका आईफोन 13 प्रो गायब हो चुका है। डॉक्टर पियूषा, जो सिंगार नगर, आलमबाग की निवासी हैं, ने तुरंत सरोजनी नगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और एयरपोर्ट परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह पहली घटना नहीं है। इससे महज तीन दिन पहले एक अन्य महिला यात्री प्रगति श्रीवास्तव के बैग से 20 हजार रुपये गायब हो गए थे। प्रगति एयर इंडिया की फ्लाइट AI626 से मुंबई जा रही थीं। मुंबई पहुँचने पर जब उन्होंने अपना बैग खोला, तो उसमें रखे 100-100 रुपये के दो बंडल नदारद थे।
प्रगति ने पहले मुंबई एयरपोर्ट पर CISF से मदद लेकर सीसीटीवी की जांच करवाई लेकिन वहां कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में सरोजनी नगर थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस अब चेक-इन काउंटर से लेकर बैगेज लोडिंग क्षेत्र तक के कैमरों की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।








