32 टीमें, एक मंच-कौन होगा इस राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का विजेता

  • खेलों के माध्यम से एकता की मिसाल, अम्बेडकरनगर में युवा शक्ति का प्रदर्शन
  • हैंडबॉल प्रतियोगिता ने खेलगांव में जोड़ा देशभर के कोने-कोने को
  • प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन, खिलाड़ी दिखा रहे हैं जीत की चाह

अम्बेडकरनगर। रविवार की सुबह जैसे ही सूरज की पहली किरणें खेलगांव की हवाई पट्टी को छू रही थीं, वहीं एक नई खेल गाथा की शुरुआत हो रही थी। राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ हुआ, जिसमें देशभर से आईं 32 टीमों ने भाग लिया। इस आयोजन ने न केवल खेल भावना को मंच दिया, बल्कि राष्ट्रीय एकता और युवा ऊर्जा का भी प्रतीक बन गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एमएलसी हरिओम पांडेय व जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने किया। उनके साथ जिला खेल अधिकारी, वरिष्ठ कोच, समाजसेवी और अन्य गणमान्य अतिथि भी मंच पर मौजूद रहे। उद्घाटन के साथ ही प्रतियोगिता का पहला चरण शुरू हुआ, जिसमें चार टीमों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिले। देश के विभिन्न प्रांतों से आई टीमों की उपस्थिति ने इस आयोजन को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से जोड़ दिया। उत्तर, दक्षिण, पूरब और पश्चिम से आई टीमों की विविधता ने मैदान को एकता के रंगों से भर दिया।

खेलमंत्री ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेलमंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे। शाम के सत्र में जब वे मंच पर पहुंचे, तो ढोल-नगाड़ों और तालियों की गूंज ने स्वागत में माहौल को उत्सव में बदल दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “खेल युवाओं में अनुशासन, संयम और संघर्ष की भावना को मजबूत करते हैं। यह प्रतियोगिता केवल खेल नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और देशभक्ति की परीक्षा भी है।” खेलमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Back to top button