
- मंडीदीप स्थित गेल गैस प्लांट में बुधवार सुबह गैस रिसाव की घटना
- फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं
- प्लांट के एक किलोमीटर क्षेत्र में लगाया गया प्रतिबंध, इलाके को कराया गया खाली
मंडीदीप। मध्य प्रदेश के मंडीदीप में स्थित गेल गैस प्लांट में बुधवार तड़के गैस लीक की घटना से हड़कंप मच गया। रिसाव की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के इलाके को खाली करवा लिया गया और प्लांट के एक किलोमीटर के क्षेत्र में आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
गेल प्लांट में हुए गैस रिसाव को लेकर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और सुबह करीब 10 बजे स्थिति को नियंत्रण में बताया गया। प्रोजेक्ट मैनेजर डी. डोंगरे ने कहा कि किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की आशंका नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूलों की छुट्टियों या जनसामान्य को क्षेत्र से हटाने की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी।
फायर सेफ्टी और नगर पालिका की टीमों के साथ जयपुर से पहुंची गेल की सेफ्टी यूनिट प्लांट की जांच कर रही है। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा, एसडीएम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए नया सेफ्टी एसओपी तैयार किया जाएगा।
एसपी पंकज पांडे ने बताया कि गैस लीक के कारणों की जांच की जा रही है। यह प्लांट एलएनजी को पीएनजी में बदलकर घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपयोग के लिए सप्लाई करता है।







