
- एनएसए डोभाल भी रहे बैठक में मौजूद, सुरक्षात्मक कदमों पर बनी सहमति
- रक्षा मामलों की समिति की बैठक आज दोपहर, पहलगाम हमले पर गहन समीक्षा
- पहलगाम आतंकी हमला- 26 निर्दोषों की हत्या के बाद भारत का बदला रुख
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लगभग 40 मिनट तक लंबी बातचीत हुई। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि बैठक में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले और राष्ट्रीय सुरक्षा के मौजूदा हालात पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री को ताजा हालात की जानकारी दी। बैठक के बाद खबर है कि रक्षा मामलों पर गठित संसदीय स्थायी समिति की भी आज दोपहर 3 बजे बैठक प्रस्तावित है, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा की जाएगी।
पहलगाम ऑपरेशन को लेकर मिली ब्रीफिंग – यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने रक्षा मंत्री को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को जवाब देने के लिए लिए गए प्रमुख सैन्य निर्णयों से अवगत कराया था। माना जा रहा है कि रक्षा मामलों की समिति की बैठक में भी इस विषय पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसमें कई वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक कदम की अटकलें – रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री की मुलाकात के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि भारत जल्द ही पाकिस्तान के खिलाफ कोई निर्णायक कदम उठा सकता है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले संसद परिसर में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सर्वदलीय बैठक भी आयोजित हुई थी, जिसकी अध्यक्षता राजनाथ सिंह ने की थी।









