
- ट्रंप की वापसी या अमेरिका की रीसेट बटन?
- क्यों ट्रंप टैक्स खत्म करना चाहते हैं और क्या ये मुमकिन है?
- भारतीय छात्रों के लिए खतरे की घंटी क्यों बन रहा है OPT प्रोग्राम?
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सत्ता में वापसी के बाद अमेरिकी राजनीति और वैश्विक कूटनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सत्ता संभालने के महज 100 दिनों के भीतर ट्रंप ने अमेरिका की छवि और नीतियों में ऐसा भूचाल ला दिया है, जिसने न केवल देश बल्कि दुनियाभर को प्रभावित किया है। चाहे बात इमिग्रेशन की हो या इनकम टैक्स की, शिक्षा हो या वैश्विक सहयोग—ट्रंप हर मोर्चे पर कड़े और बदलावकारी फैसले ले रहे हैं।
इनकम टैक्स को खत्म करने की योजना
ट्रंप प्रशासन अमेरिका में इनकम टैक्स को पूरी तरह खत्म करने की तैयारी कर रहा है। ट्रंप का मानना है कि टैरिफ से होने वाली आय से सरकार का खर्च आसानी से चलाया जा सकता है, जैसा कि 1870 से 1913 के बीच होता था। उनका दावा है कि अमेरिका वर्तमान में टैरिफ से प्रतिदिन 2-3 अरब डॉलर कमा रहा है। यदि यह योजना लागू होती है, तो इससे वैश्विक व्यापार में अस्थिरता बढ़ सकती है।
भारतीय छात्रों के लिए मुश्किल हो सकता है ‘अमेरिकन ड्रीम’
ट्रंप OPT (ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग) प्रोग्राम को बंद करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इस प्रोग्राम के तहत STEM क्षेत्र के छात्र पढ़ाई के बाद 3 साल तक अमेरिका में काम कर सकते हैं। लेकिन इसके खत्म होने से 3 लाख से अधिक भारतीय छात्रों का H1B वीजा का रास्ता बंद हो सकता है। इसका सीधा असर भारतीय युवाओं के ‘अमेरिकन ड्रीम’ पर पड़ेगा।
WTO और NATO की फंडिंग में कटौती की तैयारी
‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति पर चलते हुए ट्रंप वैश्विक संस्थाओं जैसे WTO, NATO और संयुक्त राष्ट्र की फंडिंग में कटौती कर सकते हैं। वे इन संगठनों पर अमेरिका के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते रहे हैं। ट्रंप पहले ही WHO से अमेरिका को बाहर कर चुके हैं। आने वाले समय में वे नाटो सहयोगियों पर रक्षा खर्च बढ़ाने का दबाव भी बना सकते हैं।
सस्ती दवाओं की ओर बड़ा कदम
ट्रंप अमेरिका में दवाओं की कीमतों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक लाने की दिशा में काम कर रहे हैं। एलिक्विस जैसी महंगी दवाओं के उदाहरण देते हुए वे विदेशी मूल्य निर्धारण मॉडल को अपनाने की वकालत कर रहे हैं। इसके लिए मेडिकेयर एजेंसी को पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त रणनीति
ट्रंप प्रशासन अमेरिका में रह रहे अवैध प्रवासियों को देश छोड़ने के लिए मजबूर करने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसके तहत ‘स्वयं-डिपोर्टेशन’ योजना लाई जाएगी, जिसमें प्रवासियों को उड़ान टिकट और कुछ आर्थिक सहायता देकर अमेरिका छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही उनके बैंक खाते और अन्य वित्तीय सेवाओं को भी बंद करने की योजना है। इस कदम से करीब 7.5 लाख भारतीयों पर असर पड़ सकता है।








