
- नाश्ते के बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, 7 को इमरजेंसी में भर्ती किया गया
- एक साथ 26 छात्राएं बीमार, कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क
- डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद आईवी फ्लूइड्स से किया गया उपचार
लखनऊ। सहारा नर्सिंग कॉलेज में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक साथ 26 छात्राएं अचानक पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत करने लगीं। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत सभी को मैक्स हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां 19 छात्राओं को ओपीडी में इलाज दिया गया, जबकि 7 की हालत गंभीर होने पर उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि कुछ छात्राएं डिहाइड्रेशन से पीड़ित थीं और उन्हें तत्काल आईवी फ्लूइड्स दिए गए। कॉलेज की प्राचार्य रोजिली निर्मल ने जानकारी दी कि सोमवार को 200 से अधिक छात्रों को एक साथ नाश्ता परोसा गया था, जिसके बाद से ये समस्या सामने आई। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंगलवार शाम तक सभी छात्राओं को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
220 छात्रों को दिया गया एक जैसा भोजन
घटना की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम मौके पर पहुंची और भोजन व पानी के नमूने जांच के लिए भेजे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि रविवार को अवकाश के चलते कुछ छात्राएं कॉलेज कैंपस के बाहर भी भोजन कर चुकी थीं। ऐसे में बीमारी की वजह को लेकर जांच के कई पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सेहत सर्वोपरि है और हर स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही छात्राओं की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल सभी प्रभावित छात्राएं खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हो रही है।








