अश्लील मैसेज, स्क्रीनशॉट और धमकी… कैसे चलता रहा ये सब महीनों तक?

  • सोशल मीडिया बना ब्लैकमेलिंग का ज़रिया, सहपाठियों ने रची साज़िश
  • छात्रा की चुप्पी तोड़ी मां के सामने, सामने आई पूरी सच्चाई
  • स्कूल प्रशासन रहा निष्क्रिय, पीड़िता को बदलना पड़ा स्कूल

लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कक्षा आठ की छात्रा को अपने ही चार सहपाठियों की हरकतों से परेशान होकर स्कूल छोड़ना पड़ा। आरोप है कि इन छात्रों ने इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड लेकर न केवल उसकी निजता भंग की, बल्कि अश्लील चैट कर उसे ब्लैकमेल भी किया।

पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपित छात्रों ने धमकी देकर पहले इंस्टाग्राम का पासवर्ड हासिल किया और फिर खुद ही अश्लील मैसेज भेजकर उनका स्क्रीनशॉट ले लिया। इसके बाद उन मैसेज को वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि छात्रा से पैसों की मांग की गई, उसके साथ अश्लील व्यवहार किया गया और होटल ले जाने का दबाव बनाया गया।

मां को बताई आपबीती, स्कूल ने नहीं की कार्रवाई
छात्रा ने जब यह सब सहन नहीं कर पाई तो अपनी मां को पूरी घटना बताई। 24 फरवरी को मां ने स्कूल प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन छात्रा का दाखिला दूसरे स्कूल में कराया गया।

एफआईआर दर्ज, जांच जारी
दुबग्गा थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर चार छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button