
- अर्जेंटीना में शक्तिशाली 7.5 तीव्रता का भूकंप, सुनामी चेतावनी हटाई गई
- अर्जेंटीना में भूकंप के बाद चिली के तटीय क्षेत्रों को किया गया खाली
- ड्रेक पैसेज में भूकंप का केंद्र, 15 मिनट में तीन अफ्टरशॉक्स
ब्यूनस आयर्स। दक्षिण अमेरिकी देश अर्जेंटीना में शुक्रवार शाम 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई। हालांकि, बाद में इसे वापस ले लिया गया। भूकंप का केंद्र अर्जेंटीना के दक्षिणी राज्य उशुआइया से 222 किमी दूर ड्रेक पैसेज में था, जहां इसकी गहराई 10 किमी रिकॉर्ड की गई।
15 मिनट में तीन झटके, चिली में भी हड़कंप
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, मुख्य भूकंप के बाद 15 मिनट के अंदर 5.4, 5.7 और 5.6 तीव्रता के तीन और झटके महसूस किए गए। ड्रेक पैसेज, दक्षिण अमेरिका और अंटार्कटिका के बीच स्थित एक संवेदनशील समुद्री क्षेत्र है।
सुनामी चेतावनी और प्रशासन की कार्रवाई
अधिकारियों ने लोगों को ऊंची जगहों पर जाने की सलाह दी थी, जबकि तटीय इलाकों में सुनामी वॉर्निंग सायरन बजाए गए। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी अर्जेंटीना में 5.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
चिली में भी तटीय इलाकों को खाली कराया गया
अर्जेंटीना के पड़ोसी देश चिली ने भी अपने दक्षिणी तटीय इलाकों को खाली कराने का निर्देश दिया है। चिली की नेशनल डिजास्टर सर्विस ने चेतावनी दी कि सुनामी की लहरें प्यूर्टो विलियम्स तक पहुंच सकती हैं।
चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने सोशल मीडिया पर अपील की, “हमारे पास भूकंप से निपटने के लिए सभी संसाधन तैनात हैं। लोगों से अनुरोध है कि वे मैगलन क्षेत्र में समुद्र तट से दूर रहें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें।”
क्यों आता है इतना तीव्र भूकंप?
भूकंप की वजह धरती की टेक्टोनिक प्लेट्स का टकराव है। ये प्लेट्स लगातार गतिमान रहती हैं और जब अचानक टकराती हैं, तो जबरदस्त ऊर्जा निकलती है, जिससे भूकंप आता है। ड्रेक पैसेज जैसे इलाके टेक्टोनिकली एक्टिव जोन में आते हैं, जहां अक्सर ऐसी घटनाएं होती हैं।
अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने बताया कि वह अगले एक घंटे में स्थिति पर अपडेट जारी करेगा। फिलहाल, दोनों देशों की सरकारें सतर्क हैं और राहत तैयारियों को गति दी जा रही है।








