
- सोनू निगम पर कन्नड़ समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
- बेंगलुरु में सोनू निगम के खिलाफ एफआईआर दर्ज, विवाद बढ़ा
- सोनू निगम ने इंस्टाग्राम वीडियो में दी सफाई
बेंगलुरु। मशहूर गायक सोनू निगम के खिलाफ कन्नड़ समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए बेंगलुरु के अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला एक कॉन्सर्ट के दौरान हुई घटना से जुड़ा है, जहां सोनू ने दर्शकों के साथ तनावपूर्ण बहस की थी।
सोनू निगम ने वीडियो जारी कर दी सफाई
घटना के बाद सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा, “प्यार से बात करने और धमकाने में फर्क होता है। वहां सिर्फ चार-पांच गुंडे टाइप के लोग थे, जो चिल्ला रहे थे। हजारों दर्शक उन्हें मना कर रहे थे, यहां तक कि लड़कियां भी उन्हें रोक रही थीं।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे उन्हें याद दिलाना जरूरी लगा कि पहलगाम में भाषा पूछकर पैंट नहीं उतारी गई थी। कन्नड़ के लोग बहुत प्यारे होते हैं, लेकिन हर जगह चार-पांच बुरे लोग होते हैं। ऐसे लोगों को रोकना जरूरी है, वरना ये नफरत की फसल बो देते हैं।”
क्या हुआ था कॉन्सर्ट में?
सोनू निगम हाल ही में बेंगलुरु के एक कॉलेज इवेंट में परफॉर्म कर रहे थे, जहां वे अपने हिंदी गाने गा रहे थे। इसी दौरान एक दर्शक जोर-जोर से “कन्नड़-कन्नड़” चिल्लाने लगा। इस पर सोनू ने अपना परफॉर्मेंस रोककर उस युवक को फटकार लगाई और कहा, “तुम्हारी उम्र शायद उतनी भी नहीं होगी, जितने सालों से मैं कन्नड़ गाने गा रहा हूं। यही रवैया पहलगाम की घटना का कारण बना था।”
सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रिया
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सोनू के रुख का समर्थन किया, तो कुछ ने उन पर कन्नड़ भाषा के प्रति असंवेदनशीलता का आरोप लगाया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।








