
- युद्ध के माहौल में BCCI का बड़ा फैसला
- दर्शकों को मिलेगा टिकट का पूरा रिफंड
- अभ्यास सत्र में कोहली-पंत की गर्मजोशी
लखनऊ। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला लेते हुए IPL 2025 के शेष सभी मुकाबले स्थगित कर दिए हैं। इसके तहत आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का मैच भी रद्द कर दिया गया है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होना था और इसके लिए करीब 45 हजार टिकट बिक चुके थे। BCCI सूत्रों के मुताबिक, दर्शकों को टिकट की राशि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से वापस की जाएगी।
BCCI ने IPL के 12 लीग मुकाबलों को फिलहाल टाल दिया है। हालांकि बोर्ड ने अब तक नई तारीखों की घोषणा नहीं की है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 मई को प्रस्तावित था। BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने PTI से कहा, “जब देश युद्ध की स्थिति में हो, तो खेल आयोजन जारी रखना सही नहीं लगता।”
मैच से एक दिन पहले तक जारी रही प्रैक्टिस, कोहली और पंत में दिखी गर्मजोशी
गुरुवार को दोनों टीमों ने इकाना स्टेडियम में प्रैक्टिस सेशन किया। RCB के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली ने दो घंटे की तैयारी में 20 मिनट तक बैटिंग की और 26 गेंदें खेलीं। इस दौरान उन्होंने आक्रामक अंदाज़ में लंबे शॉट्स जमाए। कोहली के मैदान पर आते ही LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने उन्हें गले लगाया। बाद में कोहली लखनऊ के मेंटर जहीर खान से भी बातचीत करते दिखे।
वहीं, पंत ने भी नेट में जमकर अभ्यास किया। हालांकि, बड़े शॉट्स लगाने की कोशिश में वे कई बार असहज नजर आए। स्पिन विभाग में LSG के दिग्वेश राठी और RCB के क्रुणाल पांड्या की गेंदबाजी देखने को मिली।








