
- “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ महामाया मेडिकल कॉलेज से
- प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलन कर किया उद्घाटन
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित
अंबेडकरनगर। जिले में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ आज महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह से हुआ। अभियान का उद्घाटन प्रभारी मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, मेडिकल स्टाफ, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्राओं की उपस्थिति रही।
प्रधानमंत्री के संदेश का एलईडी के माध्यम से प्रसारण
दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभियान के तहत उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर आधारित संदेश का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। प्रधानमंत्री ने महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
रक्तदान शिविर और एनसीडी क्लिनिक की भी रही व्यवस्था
महामाया मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन कर प्रभारी मंत्री ने कैंप का फीता काटकर शुभारंभ किया। वहीं, एनसीडी (गैर संचारी रोग) क्लिनिक के माध्यम से महिलाओं को स्क्रीनिंग और परामर्श सेवाएं भी प्रदान की गईं।
जिलेभर में चला स्वास्थ्य जागरूकता का अभियान
स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उपकेंद्रों और 267 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर महिला स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में एलोपैथिक, आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सा सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती
पखवाड़े के दौरान प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विशेष दिवस निर्धारित किए गए हैं, जिसमें महामाया मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर महिलाओं को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।








