
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती अपने लिव-इन पार्टनर के साथ किराये के मकान में रह रही थी। घटना के बाद परिजनों ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले को आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच रही है।
मृतका की पहचान और पारिवारिक आरोप
मृतका की पहचान अलिशा बानो (20) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले करीब पांच महीने से अपने लिव-इन पार्टनर अयान खान के साथ रह रही थी।
अलिशा के भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अयान अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। उसने आरोप लगाया कि अयान चाकू और बेल्ट से भी अलिशा को प्रताड़ित करता था।
ससुराल से लाकर साथ रहने का आरोप
जानकारी के अनुसार, अयान खान मूल रूप से पारा थाना क्षेत्र के तेजीखेड़ा का रहने वाला है और मदेयगंज इलाके में किराये के कमरे में रहता था।
परिजनों का कहना है कि अलिशा का पहले ही कानपुर में वसीम नाम के युवक से निकाह हो चुका था। आरोप है कि अयान उसे ससुराल से लाकर अपने साथ रहने लगा और दोनों बिना निकाह के लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे।
सुबह थाने पहुंचकर दी आत्महत्या की सूचना
रविवार सुबह करीब 7:15 बजे, अयान खान अपनी मां के साथ मदेयगंज थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी कि अलिशा ने आत्महत्या कर ली है।
इस सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।







