लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खरीफ की फसल के दौरान धान की सरकारी खरीद नहीं होने के विपक्षी दलों के दावे को निराधार बताते हुये राज्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार ने 2021-22 खरीफ विपणन सत्र में अब तक 54 हजार से अधिक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर लगभग चार लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की है।
मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में आला अधिकारियों को निर्देश दिया कि फसल की सुचारु खरीद सुनिश्चित करने के लिए, एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार सहित सभी प्रमुख अधिकारी प्रतिदिन खरीद केंद्रों का निरीक्षण करें। जिला स्तर पर तैनात नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पारदर्शी प्रक्रिया से खरीद हो। उन्होंने कहा कि किसानों की जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाए। किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
आयुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सौरभ बाबू ने बताया कि प्रदेश में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने अब तक किसानों से 711.90 करोड़ रुपये मूल्य के 3.66 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राज्य सरकार की एजेंसियों और भारतीय खाद्य निगम ने 54,609 से अधिक किसानों से खरीद की है। बता दें कि किसानों से सीधी खरीद की सुविधा के लिए राज्य के 75 जिलों में कुल 4020 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं।








