सुरहुरपुर बाजार से पीछा कर युवती को दी धमकी, आरोपी गिरफ्तार

अंबेडकरनगर। अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अंबेडकरनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना मालीपुर की एंटी रोमियो टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को सुरहुरपुर बाजार से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान सौरभ राजभर पुत्र शिवपूजन, निवासी मुरादाबाद, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी को आज सुबह करीब 09:05 बजे नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया।

पीड़िता का पीछा कर किया उत्पीड़न

मामला तब प्रकाश में आया जब 11 अक्टूबर 2025 को एक युवती ने थाना मालीपुर में तहरीर दी, जिसमें उसने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर को वह कहीं जा रही थी, तभी सौरभ राजभर ने उसका पीछा किया और रास्ते में जबरन रोककर मोबाइल फोन लेने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने उसे धमकी भी दी।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और अगले ही दिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला सुरक्षा पर पुलिस की चौकसी

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर जिले में महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रियता बरती जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और क्षेत्राधिकारी जलालपुर के पर्यवेक्षण में थाना मालीपुर की टीम द्वारा की गई यह गिरफ्तारी महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाती है।

एंटी रोमियो टीम की सतर्कता से अपराध पर अंकुश

थाना मालीपुर की एंटी रोमियो टीम लगातार क्षेत्रों में गश्त कर रही है और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button