ठाकुरगंज में महिला से जबरदस्ती की कोशिश- कोर्ट के आदेश पर FIR

  • आरोपी पड़ोसी ने महिला के घर में घुसकर की अश्लीलता
  • विरोध पर की मारपीट और रेप की कोशिश
  • पति के पहुंचने पर आरोपी फरार

लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर घर में घुसकर जबरदस्ती करने और अश्लीलता की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी कमाल खान 3 अप्रैल को घर में अकेला पाकर अंदर घुसा और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर कपड़े फाड़ दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। महिला के शोर मचाने की कोशिश पर आरोपी भाग निकला।

पति के पहुंचने पर हुआ विवाद, फिर भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

घटना के बाद महिला ने अपने पति को पूरी जानकारी दी। पति ने आरोपी से बात करने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। पीड़ित दंपती ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर सूचना दी, लेकिन थाना पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

कोर्ट की शरण में पहुंची पीड़िता

पुलिस की निष्क्रियता से आहत महिला ने आखिरकार कोर्ट का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद ठाकुरगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट के आदेश के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

पीड़िता का आरोप- लंबे समय से पड़ोसी गलत नजर रखता था

पीड़िता ने बताया कि आरोपी कमाल खान उनके घर की पहली मंजिल पर रहता है और काफी समय से उस पर बुरी नजर रखता रहा है। महिला का कहना है कि आरोपी ने कई बार उसे अकेला देखकर परेशान किया है, लेकिन इस बार वह हद पार कर गया।

Back to top button