
- 8 साल पहले लव मैरिज, बीते कुछ वर्षों से चल रहा था विवाद
- पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भेजा, पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज
- मां बोलीं – मेघा ने उकसाया, सख्त कार्रवाई हो
बुलंदशहर। शहर के नटराज होटल में बैंक ऑफ बड़ौदा के असिस्टेंट मैनेजर अंकित गोयल (34) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव सोमवार सुबह होटल के कमरे में मिला। मृतक के परिजनों ने पत्नी मेघा दुबे पर मानसिक उत्पीड़न और तलाक के लिए दबाव बनाकर 20 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
अंकित के परिवार वालों के मुताबिक, आठ वर्ष पूर्व अंकित और मेघा ने लव मैरिज की थी। दोनों की मुलाकात 2016 में बरेली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में सहकर्मी के रूप में हुई थी। 2017 में मैनपुरी में दोनों की शादी हुई थी। परिजनों का कहना है कि शुरुआती कुछ साल सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन 2020 के बाद से मेघा आए दिन झगड़े करने लगी। उसका कथित तौर पर मैनपुरी के एक युवक से अफेयर चल रहा था। इसी कारण वह अंकित पर तलाक का दबाव बना रही थी।
परिजनों का दावा है कि मेघा ने पिछले वर्ष दहेज उत्पीड़न का केस भी दर्ज कराया था। बीते दिनों उसने फोन कर अंकित को बरेली बुलाया और तलाक लेने तथा शादी में खर्च हुए 20 लाख रुपये वापस देने की बात कही। इससे परेशान होकर अंकित शनिवार रात घर से बाहर निकले और नटराज होटल पहुंचे, जहां उन्होंने कथित तौर पर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।








