
- प्रयागराज में 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या
- दो सहपाठियों पर हत्या का आरोप, गले और सीने पर वार
- छोटे भाई के सामने हुई वारदात, वीडियो वायरल
प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र के इंदिरा गांधी स्मारक कॉलेज में बुधवार को 12वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसी के दो सहपाठियों ने सीने और गले पर वार किया। गंभीर रूप से घायल छात्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। यमुनानगर के गढ़वा कला निवासी अवनीश पांडे (19) 12वीं कक्षा में पढ़ता था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे इंटरवल के दौरान वह सीढ़ियों से उतर रहा था। इसी दौरान दो सहपाठी अभिषेक सोनी और अभय पाठक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
छोटे भाई के सामने हुई हत्या
मृतक का छोटा भाई दिग्विजय पांडे उसी कॉलेज में 10वीं का छात्र है। वह सबसे पहले अपने बड़े भाई तक पहुंचा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिग्विजय अपने भाई की लाश को गोद में लेकर बैठा नजर आ रहा है।
छोटे भाई का आरोप
दिग्विजय ने बताया कि अभिषेक और अभय ने पहले सीने के पास वार किया, जिससे शर्ट फट गई। फिर गले पर दूसरा वार किया, जो सीधे धंस गया। इससे अवनीश की मौके पर ही मौत हो गई।
टीचर पर भी आरोप
मृतक के दादा ने कॉलेज के एक शिक्षक पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान पढ़ाने वाले एक शिक्षक से अवनीश की हाथापाई हुई थी। शिक्षक ने तब अवनीश को जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी छात्रों की तलाश शुरू कर दी है और कॉलेज परिसर से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों की शिकायत के आधार पर टीचर और दोनों छात्रों के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी है।









