नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगे प्रतिबंध को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता जा रहा है। हाल ही में कुछ पाक कलाकारों के अकाउंट्स भारत में अस्थायी रूप से दिखने लगे थे, जिसे लेकर अखिल भारतीय सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे को “तत्काल राष्ट्रीय चिंता” बताते हुए पाकिस्तानी कलाकारों, इंफ्लुएंसर्स और चैनलों पर स्थायी प्रतिबंध की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा है कि यह सिर्फ तकनीकी खामी नहीं, बल्कि शहीदों का अपमान और देश के साथ विश्वासघात है।
“आतंकवाद और मनोरंजन एक साथ नहीं चल सकते”
AICWA के पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि जो लोग भारत से कमाते हैं, वे आतंकवाद को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन नहीं दे सकते।
पत्र में लिखा गया है, “पाकिस्तानी कलाकारों और चैनलों का भारतीय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दोबारा आना राष्ट्र और हमारे शहीदों के बलिदान का अपमान है। पाकिस्तान एक आतंकवादी देश है और रहेगा, जिसने भारत के खिलाफ कई आतंकी हमलों की साजिशें रची हैं।“
बैन हटना बताया गया तकनीकी एरर
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि कुछ अकाउंट्स से बैन हटना एक तकनीकी त्रुटि थी, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया गया है। अब एक बार फिर से पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स भारत में प्रतिबंधित हैं।
किनके अकाउंट्स हुए थे एक्टिव?
बैन हटने के दौरान पाकिस्तानी एक्ट्रेस मावरा होकेन (‘सनम तेरी कसम’), सबा कमर, युमना जैदी, दानिश तैमूर और अहद रजा मीर जैसे कलाकारों के अकाउंट्स भारत में दिखने लगे थे। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी भी देखने को मिली।








