यूपी में 23 सीनियर IAS अफसरों का तबादला- 10 जिलों के डीएम बदले गए

  • यूपी में 23 वरिष्ठ IAS अफसरों का तबादला
  • 10 जिलों के डीएमों की अदला-बदली
  • गोरखपुर, बहराइच, गोंडा, मिर्जापुर, प्रयागराज में बड़ा बदलाव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार रात बड़ा प्रशासनिक reshuffle करते हुए 23 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इसमें गोरखपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज, बहराइच, गोंडा, मिर्जापुर समेत 10 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को हटा दिया गया है। इस फेरबदल को हालिया विवादों, राजनीतिक समीकरणों और वरिष्ठ अधिकारियों की पसंद से जोड़कर देखा जा रहा है।

गोरखपुर के डीएम पर विवाद के बाद कार्रवाई

गोरखपुर के जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) बनाया गया है। सूत्रों का कहना है कि PAC ट्रेनिंग सेंटर में एक ट्रेनी महिला सिपाही से जुड़े विवाद के बाद उनका ट्रांसफर किया गया है।

बहराइच की डीएम मोनिका रानी की छुट्टी

बहराइच की डीएम मोनिका रानी को हटाकर बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। हाल ही में कांवड़ यात्रा के दौरान उन्होंने 27 अधिकारियों का वेतन रोक दिया था, जिससे नाराज होकर शासन में शिकायत की गई थी।

अयोध्या के कमिश्नर बने गृह सचिव

अयोध्या मंडल के कमिश्नर गौरव दयाल को यूपी शासन में गृह विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। यह पद राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जाता है।

नेहा शर्मा का ट्रांसफर गोंडा से

नेहा शर्मा, जो 9 जून 2023 से गोंडा की डीएम थीं, उन्हें हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह और उनके परिवार के साथ उनकी दूरियां और अन्य स्थानीय विधायकों की नाराजगी इसके पीछे प्रमुख कारण रही। हालांकि, आधिकारिक तौर पर दो वर्ष से अधिक कार्यकाल को ट्रांसफर का कारण बताया गया है।

मिर्जापुर की डीएम प्रियंका निरंजन भी बदली गईं

मिर्जापुर की डीएम रहीं प्रियंका निरंजन को गोंडा भेजा गया है। उनके खिलाफ लोकसभा चुनाव के दौरान अपना दल (एस) ने चुनाव में पक्षपात का आरोप लगाया था। प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल भी लंबे समय से उन्हें हटाने की मांग कर रहे थे।

Back to top button