अब शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने छात्रों के कॅरिअर निर्माण को दिशा देने के लिए ‘पंख’ पोर्टल की शुरुआत की है। इस सत्र से जिले के सभी राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में रुचि आधारित रोजगारपरक कक्षाएं शुरू होंगी।
कक्षा 9 से 12 तक के छात्र पंख पोर्टल पर पंजीकृत होंगे। उनकी अभिरुचियों और क्षमताओं के आधार पर करिअर काउंसलिंग दी जाएगी, जिससे वे अपने भविष्य की राह खुद चुन सकें।
ग्रामीण छात्रों को भी शहर जैसी सुविधा और मार्गदर्शन मिलेगा। डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने प्रधानाचार्यों को पंजीकरण और जागरूकता अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षकों के साथ अब विशेषज्ञों — जैसे अफसर, डॉक्टर, तकनीकी जानकार — द्वारा मार्गदर्शन मिलेगा। पढ़ाई में अनुभव और प्रयोग पर ज़ोर रहेगा, खासतौर से विज्ञान और गणित को रोचक ढंग से पढ़ाया जाएगा।
पोर्टल से छात्र कॉलेज एडमिशन, स्कॉलरशिप, स्किल ट्रेनिंग और इंटर्नशिप जैसी जरूरी जानकारियां समय पर प्राप्त कर सकेंगे, जिससे सभी वर्गों के छात्रों को समान अवसर मिलेगा।